रुड़की: कलियर और धनौरी के बीच मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे एक साथ चार जंगली हाथी दिखाई दिए। हाथियों को देखकर राहगीरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग के वन दरोगा इंदर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थान पर भेजने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उन्हें जंगल की ओर भेजने का प्रयास कर रही है।
वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर जुटी राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ को हटाया। किसी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए कलियर-धनौरी मार्ग पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया।
वन दरोगा इंदर सिंह के मुताबिक, सड़क किनारे चार जंगली हाथियों के पहुंचने की सूचना मिली थी। टीम हाथियों को आबादी क्षेत्र की ओर जाने से रोकने के साथ ही उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने का प्रयास कर रही है।
हाथियों की मौजूदगी के बाद वन विभाग और पुलिस ने लोगों से मौके पर भीड़ न लगाने और हाथियों के करीब न जाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाथियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई जारी है।



