
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाली 11 भर्ती परीक्षाओं का संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाओं का सिलसिला 29 नवंबर 2026 से शुरू होकर जुलाई 2027 तक चलेगा।
इस परीक्षा कैलेंडर में कार्मिक विभाग, माध्यमिक शिक्षा, उच्च न्यायालय नैनीताल, शहरी विकास, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों की भर्तियां शामिल हैं। अभ्यर्थी आयोग की ओर से निर्धारित संभावित तिथियों के अनुसार अपनी तैयारी की रणनीति बना सकते हैं।

UKPSC भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026-27: पूरी तारीखें
आयोग की ओर से जारी संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाओं की तिथियां इस प्रकार हैं:
29 नवंबर 2026: कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा।
6 दिसंबर 2026: माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 (कला) की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार)।
27 दिसंबर 2026: कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा।
6 जनवरी 2027: उच्च न्यायालय नैनीताल के अधिष्ठान अनुभाग में वैयक्तिक सहायक-2025 की वस्तुनिष्ठ एवं लिखित परीक्षा।
30 जनवरी 2027: माध्यमिक शिक्षा विभाग की राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 (गृह विज्ञान) की मुख्य परीक्षा।
25 अप्रैल 2027: शहरी विकास विभाग में कर एवं राजस्व निरीक्षक की लिखित एवं वस्तुनिष्ठ परीक्षा।
1 और 2 मई 2027: पशुपालन विभाग में पशु चिकित्साधिकारी पद के लिए लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार)।
8 मई से 14 मई 2027: ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल एवं ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों में सहायक अभियंता (सिविल, यांत्रिक, विद्युत, कृषि एवं आईटी) की मुख्य परीक्षा।
30 मई 2027: उत्तराखंड सचिवालय एवं UKPSC के लिए समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा।
6 जून 2027: सचिवालय प्रशासन विभाग में समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा।
26 जून से 1 जुलाई 2027: लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, कृषि एवं ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों में कनिष्ठ अभियंता की मुख्य परीक्षा।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना: UKPSC के सचिव अशोक कुमार पांडे के हस्ताक्षर से जारी परीक्षा कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षा तिथियां संभावित हैं। प्रशासनिक कारणों या अन्य परिस्थितियों के चलते निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव भी किया जा सकता है।
ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम अपडेट, एडमिट कार्ड और संशोधित कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।
