
सड़क बनने के बाद बार-बार खुदाई करने वाले विभागों पर रहेगी शासन की नजर, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद गठित हुई 10 सदस्यीय राज्य स्तरीय समिति
देहरादून: उत्तराखंड में अब नई बनी सड़कों को मनमाने तरीके से खोदना आसान नहीं होगा। पेयजल, सीवर, बिजली, दूरसंचार और गैस पाइपलाइन बिछाने के नाम पर होने वाली बार-बार की खुदाई पर शासन ने सख्त निगरानी की तैयारी कर ली है। इसके लिए प्रदेश स्तर पर 10 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति सड़क कटिंग से जुड़े प्रस्तावों की निगरानी करने के साथ ही प्रत्येक तीन महीने में कार्यों की समीक्षा करेगी।
दरअसल, प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण के कुछ समय बाद ही अलग-अलग विभाग पाइपलाइन और अन्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सड़कों की खुदाई शुरू कर देते हैं। विभागों के बीच तालमेल की कमी के कारण एक ही सड़क को कई बार खोदना पड़ता है। इसका सीधा असर सड़क की गुणवत्ता और आम जनता की आवाजाही पर पड़ता है। जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है और सरकारी धन का भी नुकसान होता है।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बनाई गई नई व्यवस्था: सड़क कटिंग की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अब शासन स्तर पर नई व्यवस्था लागू की गई है। हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद गठित राज्य स्तरीय समिति में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। इससे पहले सड़क खुदाई से संबंधित निगरानी की जिम्मेदारी मुख्य रूप से जिला स्तर की समितियों के पास थी। अब प्रदेश स्तर पर भी पूरे मामले की नियमित समीक्षा होगी।
अवस्थापना विकास आयुक्त होंगे समिति के अध्यक्ष:नई गठित समिति की अध्यक्षता अवस्थापना विकास आयुक्त करेंगे। इसमें सचिव लोक निर्माण विभाग, सचिव शहरी विकास, सचिव आवास, सचिव पेयजल, प्रमुख सचिव ऊर्जा, प्रमुख सचिव खाद्य आपूर्ति, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी और जिलाधिकारी को सदस्य बनाया गया है। संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष सदस्य सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
हर तीन महीने में होगी बैठक, प्रस्तावों की भी जांच: समिति का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। सड़क कटिंग से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा, स्वीकृत कार्यों की निगरानी और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन भी किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक तीन महीने में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा होगी।
जिलाधिकारियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी:नई व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी परियोजना समन्वय समिति के माध्यम से अनुमोदित कार्यों की रिपोर्ट संबंधित विभागाध्यक्षों को भेजेंगे। इसके बाद विभागों को इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करनी होगी। इससे बिना पूर्व समन्वय के सड़क खोदने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
आम जनता को मिलेगी राहत: शासन की इस पहल से बार-बार सड़क खुदाई, खराब सड़कों और यातायात संबंधी समस्याओं को कम करने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही विभिन्न विभागों को अपने कार्यों की योजना आपसी समन्वय से तैयार करनी होगी, ताकि नई बनी सड़कों को जल्दबाजी में दोबारा नुकसान न पहुंचाया जाए। अब इस व्यवस्था की असली सफलता समिति की नियमित बैठकों और उसके फैसलों के प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी।
