Saturday, November 28, 2026
HomeUncategorizedउत्तराखंड की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले- सिर्फ...

उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले- सिर्फ नाम के नहीं, काम में भी दिखें ‘धाकड़ धामी’

देहरादून: उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था और चंपावत के नाबालिग से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को केवल नाम से नहीं, बल्कि अपने फैसलों और कार्यशैली से भी धाकड़ साबित होना चाहिए।

गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रहे आपराधिक मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने चंपावत में नाबालिग से जुड़े मामले का हवाला देते हुए पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए।

गोदियाल के मुताबिक, करीब आठ से दस महीने पहले सामने आए इस मामले में शुरुआत में नाबालिग और उसके पिता ने एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने नामजद व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, कुछ दिनों बाद नाबालिग और उसके पिता के बयान बदल गए और शिकायतकर्ता का नाम ही आरोपी के तौर पर सामने आ गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का दावा है कि संबंधित शिकायतकर्ता पिछले करीब आठ महीने से जेल में बंद है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब इस मामले में एक नया खुलासा हुआ है। नाबालिग ने कथित तौर पर अपने बयान में कहा है कि पुलिस थाने में बुलाकर उस पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया था। गोदियाल ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ न्यायप्रिय और कानून का सम्मान करने वाले लोगों की भूमि माना जाता है। ऐसे में यदि किसी नाबालिग पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया और शिकायतकर्ता को ही जेल में रहना पड़ा, तो यह बेहद गंभीर मामला है।

गोदियाल ने सरकार से इस पूरे प्रकरण पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी पर तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ नाम के आगे ‘धाकड़’ लगाने से काम नहीं चलेगा, सरकार के फैसलों और कार्रवाई में भी धाकड़पन नजर आना चाहिए।

कांग्रेस ने इस मामले को प्रदेश की कानून व्यवस्था से जोड़ते हुए सरकार की जवाबदेही तय करने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

- Advertisement -```html
```
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments