रुड़की: लक्सर तहसील के सुल्तानपुर क्षेत्र स्थित मस्जिद की अवैध मीनारों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन के निर्देशों के बाद मस्जिद कमेटी ने एक बार फिर मीनारों को तोड़ने का कार्य शुरू कर दिया है। शनिवार को भी मीनार हटाने की प्रक्रिया की तस्वीरें सामने आईं।
लक्सर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनिल शुक्ला ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मस्जिद कमेटी के साथ समन्वय बनाकर मीनारों को हटाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी लगाया गया है ताकि बड़ी मीनार को सुरक्षित तरीके से जल्द हटाया जा सके।
प्रशासन के अनुसार मस्जिद परिसर में बनाई गई एक मीनार निर्धारित मानकों और नियमों के विपरीत अत्यधिक ऊंचाई तक निर्मित की गई थी। इसी कारण प्रशासन ने पिछले वर्ष इस निर्माण को सील कर दिया था।
अब प्रशासनिक निगरानी में मस्जिद कमेटी स्वयं अवैध हिस्सों को हटाने का कार्य कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों के अनुरूप और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन का उद्देश्य अवैध निर्माण को हटाते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकना है। बड़ी मीनार को हटाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


