रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: उत्तराखंड में अपने तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार संगठनात्मक बैठकों में व्यस्त हैं। इसी क्रम में उन्होंने बीते दिन क्रमवार तीन महत्वपूर्ण बैठकें कीं, जिनमें पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ रणनीतिक चर्चा की गई।
इन बैठकों में से एक बैठक नगर पालिका अध्यक्षों और महापौरों के साथ आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने कार्यों के साथ-साथ जनता के बीच सक्रिय रूप से मौजूद रहें।
उन्होंने कहा कि, “जनता के बीच लगातार बने रहने से न केवल लोगों का विश्वास मजबूत होता है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को इसका सीधा लाभ भी मिलेगा।”
बैठक में यह भी कहा गया कि जनप्रतिनिधियों को अपने विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचानी चाहिए, जिससे जनता पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों से जुड़ सके।
भाजपा नेतृत्व का यह दौरा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को प्राथमिकता दी जा रही है।


