रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: मंगलौर नगर पालिका परिषद द्वारा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंगलौर बस अड्डे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यहां रेड लाइट स्थापित की गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन मोहयउद्दीन अंसारी ने बताया कि बस अड्डे के आसपास आए दिन सड़क पार करने के दौरान हादसे होते रहते थे। ऐसे में रेड लाइट लगाए जाने से पैदल यात्रियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली और हरियाणा से आने-जाने वाले भारी वाहनों की वजह से भी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था, जिसे अब काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। चेयरमैन ने यह भी बताया कि नगर पालिका जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।
मोहयउद्दीन अंसारी के अनुसार, वीकेंड के दौरान मंगलौर में भारी जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आम लोगों के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नई ट्रैफिक व्यवस्था से इस समस्या में भी राहत मिलने की संभावना है।
वहीं, मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने नगर पालिका के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि रेड लाइट और स्पीड ब्रेकर जैसे उपायों से सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी।
प्रशासन और नगर पालिका के इस संयुक्त प्रयास को स्थानीय लोगों द्वारा भी सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।


