रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
रामनगर स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में सोमवार को गश्त के दौरान एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने हमला कर दिया। इस घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने साहस का परिचय देते हुए उसे बाघ के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने बताया कि ग्राम सुंदरखाल निवासी 32 वर्षीय पीतांबर विभाग में दैनिक श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं। वह अपने तीन साथियों के साथ सर्पदुली रेंज में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
घटना के बाद साथियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद पीतांबर को बाघ के कब्जे से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया।
सूचना मिलने पर उपनिदेशक राहुल मिश्रा और पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल कर्मचारी और उसके परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विभाग की ओर से घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार पीतांबर के गले और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है। वन विभाग ने कर्मचारियों से जंगल में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।



