विकासनगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में शिक्षा, खेल और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम के तहत विधायक ने पश्चिमा वाला राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाओं और बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य की शुरुआत की। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इसके साथ ही मेहरा बस्ती, मेहूवाला में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया, जो स्थानीय लोगों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ेगी।
वहीं, आसाराम वैदिक इंटर कॉलेज में “कर्नल विद्यासागर स्टेडियम” के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया। कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कालूराम ने बताया कि यह स्टेडियम छात्रों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देगा और उनके सर्वांगीण विकास में सहायक साबित होगा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


