रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की में मंगलवार सुबह एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रेलवे स्टेशन के पास अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने हुई इस घटना में स्कूटी चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर पूरी तरह राख हो गई।
जानकारी के अनुसार शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वह रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे, स्कूटी से धुआं निकलना शुरू हो गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, वाहन में तेज लपटें उठने लगीं।
आशु कुमार ने बिना देर किए स्कूटी रोककर उससे छलांग लगा दी। उनकी सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी स्कूटी जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने दूरी बनाकर खुद को सुरक्षित रखा।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि इस हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी संबंधित विभाग को भी दी।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर बैटरी में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।



