रिपोर्ट: सुभाष चंद
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र से एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई है। खटीमा के बरी अंजनिया गांव में मंगलवार सुबह अचानक लगी भीषण आग ने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचा दिया। हादसे में एक युवक और गौशाला में बंधी भैंस गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि गौशाला में रखा भूसा, अनाज और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अशोक के घर में सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में बनी गौशाला को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि गौशाला में रखा भूसा, करीब 20 बोरी गेहूं और अन्य जरूरी सामान कुछ ही देर में जलकर राख हो गया।
आग बुझाने के प्रयास में अशोक का बड़ा बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं गौशाला में बंधी एक भैंस भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल जगदीश नगर कोठी और मनोज देवलाल ने ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश पासी और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना में घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने गरीब परिवार को गहरा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।


