देहरादून: राजधानी देहरादून में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शनिवार देर शाम विजय कॉलोनी स्थित खाला बस्ती में बड़ा नुकसान पहुंचाया। भारी वर्षा के कारण एक सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे आसपास के दो से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में विमला देवी नामक महिला घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल दून अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को बिना किसी देरी के आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी देहरादून सहित प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। संभावित खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में अन्य कमजोर दीवारों और भूस्खलन संभावित स्थानों की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
देर रात तक मंत्री गणेश जोशी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग करते रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी और बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें पूरी तरह तैयार हैं।



