रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। राजस्थान के कोटा से शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी परेड ग्राउंड में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय नेताओं का आना-जाना स्वाभाविक है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम उत्तराखंड के युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का प्रयास होगा। कांग्रेस का लक्ष्य है कि इस अभियान का संदेश राज्य के प्रत्येक छात्र और युवा तक पहुंचे।
बैठक के दौरान गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की सरकारों की नीतियों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद प्रदेश के कई युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह कार्यक्रम युवाओं की शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से की थी और अब 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड से उत्तराखंड में इस अभियान का आगाज़ होगा।
मुख्यमंत्री धामी का राहुल गांधी पर हमला
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चुनावी माहौल में नेताओं का आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाएं कांग्रेस सरकार के समय होती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में ऐसी स्थिति नहीं है।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर जहां कांग्रेस संगठन स्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है, वहीं भाजपा इसे चुनावी राजनीति का हिस्सा बता रही है। ऐसे में आगामी दिनों में उत्तराखंड की राजनीति में इस कार्यक्रम को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।



