रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
रामनगर के सीताबनी-पाटकोट मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक और जिप्सी वाहन के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जस्सागांजा निवासी दर्शन, मोहित और भूपेंद्र बाइक से सीताबनी की ओर से वापस रामनगर लौट रहे थे। पाटकोट के समीप उनकी बाइक की टक्कर एक जिप्सी वाहन से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. हिमानी के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद दर्शन और मोहित की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि भूपेंद्र का इलाज अस्पताल में जारी है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि बाइक सवार युवक नशे की हालत में थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।


