रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक प्रेम प्रसंग के चलते पूरे परिवार को बर्बरता का शिकार बनाया गया।
मामला टिकोला गांव का बताया जा रहा है, जहां एक युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों अपने भविष्य को लेकर सपने संजोते हुए घर से फरार हो गए। जैसे ही इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को मिली, उनका गुस्सा बेकाबू हो गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर युवती के परिजनों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए प्रेमी युवक के पूरे परिवार को निशाना बनाया। उन्होंने लड़के के परिवार को जबरन एक कमरे में बंधक बना लिया और फिर उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया।
पीड़ित परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों और चप्पलों से बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारा, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीड़ितों के शरीर पर गहरे चोट के निशान देखे गए।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपियों ने खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाईं।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


