तड़के सुबह इंजन में लगी आग ने लिया विकराल रूप, दो विदेशी पर्यटक भी थे सवार
रुड़की
उत्तराखंड के रुड़की में हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब तड़के सुबह एक चलती वोल्वो बस में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लग्जरी बस आग का गोला बन गई।
गनीमत रही कि समय रहते सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनमें दो विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। हालांकि, बस में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शांतारशाह पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर पहले सुबह लगभग 4 बजे हुई। देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर जा रही महालक्ष्मी फिलिप्स की वोल्वो बस (MP44 ZC 6994) में अचानक तकनीकी खराबी आ गई।
बस चालक अरुण कुमार के मुताबिक, आग सबसे पहले इंजन में लगी और देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और परिचालक रिंकू ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत सभी यात्रियों को बस से नीचे उतार दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। रुड़की से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
हादसे के बाद उत्तराखंड पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया। पुलिस ने तुरंत अन्य वाहनों की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को उनके गंतव्य तक रवाना किया। इस त्वरित सहायता के लिए यात्रियों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


