दयारा बुग्याल से लापता बबीता की तलाश जारी, दिव्यांग पिता की गुहार—“बस मेरी बेटी सकुशल लौट आए”

Date:

कई दिनों से जारी सर्च ऑपरेशन, परिवार की बढ़ती चिंता; दादी की आंखों में आंसू

रामनगर| रिपोर्ट: आसिफ इक़बाल

उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित दयारा बुग्याल ट्रेक से लापता हुई रामनगर निवासी 24 वर्षीय बबीता पांडे की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें दुर्गम पहाड़ियों, जंगलों और ट्रेकिंग मार्गों पर सघन सर्च अभियान चला रही हैं।

घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद बबीता का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिवार की चिंता और दर्द हर दिन बढ़ता जा रहा है।

लापता युवती के पिता गोपाल पांडे ने भावुक होकर कहा कि उनकी एकमात्र इच्छा है कि उनकी बेटी सकुशल घर वापस लौट आए। उन्होंने बताया कि बबीता पढ़ाई में बेहद मेधावी है और वर्तमान में एमबीए की पढ़ाई कर रही है। पढ़ाई के साथ वह पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी और अपने भविष्य को संवारने के लिए लगातार मेहनत कर रही थी।

गोपाल पांडे ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद वह पैरों से दिव्यांग हो गए और चल-फिर नहीं पाते। उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा, “मेरी बेटी ट्रैकिंग के लिए गई थी, हमें क्या पता था कि उसके साथ ऐसा हो जाएगा। हम हर पल उसकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।”

परिवार की पीड़ा उस समय और भी बढ़ गई जब बबीता की दादी लक्ष्मी पांडे अपनी पोती को याद करते हुए रो पड़ीं। उन्होंने हाथ जोड़कर प्रशासन से गुहार लगाई कि किसी भी तरह उनकी पोती को सुरक्षित खोजा जाए।

परिवार के अन्य सदस्य भी लगातार उत्तरकाशी में सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। बबीता की मां और बड़ा भाई मौके पर मौजूद हैं, जबकि घर पर छोटा भाई, दादी और दिव्यांग पिता उसकी राह देख रहे हैं।

गौरतलब है कि 29 मई को बबीता अपने दो साथियों के साथ दयारा बुग्याल ट्रेक पर गई थीं और गोई नामक स्थान पर रुकी थीं। 30 मई को ट्रेकिंग के दौरान वह अचानक लापता हो गईं।

सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग की टीमें डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद से लगातार खोजबीन कर रही हैं। पुलिस ने कोतवाली मनेरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूरे रामनगर और उत्तराखंड की निगाहें इस सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं। परिवार, रिश्तेदार और स्थानीय लोग बबीता की सुरक्षित वापसी के लिए दुआ कर रहे हैं और उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही कोई अच्छी खबर सामने आएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

रुड़की-दल्लावाला नई बस सेवा शुरू, प्रदीप बत्रा और उमेश कुमार ने दिखाई हरी झंडी…

रुड़कीखानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात...

रामनगर में गुलदार का हमला, खेत में घास काट रही महिला गंभीर रूप से घायल…

मालधन चौड़ क्षेत्र में घटना के बाद दहशत, वन...

देहरादून: उत्तराखंड शासन का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 अधिकारियों के तबादले…

IAS, राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के अधिकारियों...