ऋषिकेश के भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक-डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे भारी कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो बड़े कंक्रीट डिवाइडर उछलकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर जा गिरे।
इस हादसे की चपेट में आने से झोपड़ी में मौजूद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। मृतक चालक की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर के रूप में हुई है, जबकि मृत महिला की पहचान कौशल्या पत्नी सुरेश निवासी बावाड़ी, शिवपुरी के तौर पर की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ जवानों ने मलबे और डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक को भी तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


