रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव में ईद-उल-अज़हा के मौके पर कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें पुलिसकर्मी समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ईद-उल-अज़हा की कुर्बानी के बाद अवशेष हटाने को लेकर गांव में दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही लखनौता पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार और होमगार्ड चुन्नीलाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हालात बेकाबू हो गए। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार पर हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
झड़प में घायल हुए अन्य लोगों को भी रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
झबरेड़ा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।
ईद जैसे पवित्र त्योहार पर हुई इस हिंसक घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील कर रहा है।


