रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी Nainital के ऐतिहासिक लोक भवन गोल्फ कोर्स में 21वें “गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट” का भव्य शुभारम्भ हो गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने टी-ऑफ कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता की शुरुआत की।
इस वर्ष टूर्नामेंट में कुल 179 गोल्फर विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 110 सामान्य श्रेणी, 27 जूनियर (जिनमें 6 बालिकाएं शामिल हैं), 9 महिला खिलाड़ी, 29 वेटरन तथा 4 सुपर वेटरन प्रतिभागी शामिल हैं। सबसे उम्रदराज प्रतिभागी 81 वर्षीय कर्नल एच.सी. गुप्ता और सबसे छोटी खिलाड़ी 7 वर्षीय इलाक्षी राठौर हैं।
यह टूर्नामेंट प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति को समर्पित किया गया है।
राज्यपाल बोले—खेल पर्यटन और युवाओं की शक्ति का मंच
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि गवर्नर्स कप केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की खेल प्रतिभा और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने का प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खेल, पर्यटन और युवा सहभागिता का संगम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि “जो खेलेगा, वही खिलेगा” की भावना युवाओं को नई ऊर्जा और दिशा दे रही है। गोल्फ जैसे खेल न केवल शारीरिक क्षमता बल्कि धैर्य, अनुशासन और मानसिक संतुलन को भी मजबूत करते हैं।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि यह आयोजन विभिन्न आयु वर्गों की सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें 7 वर्ष की बालिका से लेकर 81 वर्ष के वेटरन खिलाड़ी तक शामिल हैं।
युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस वर्ष प्रशिक्षण कार्यक्रमों से 135 बच्चों ने लाभ लिया, जिनमें बड़ी संख्या में बेटियां शामिल हैं। यह उत्तराखण्ड की युवा पीढ़ी के आत्मविश्वास और प्रगति का सकारात्मक संकेत है।
राज्यपाल ने यह भी बताया कि गोल्फ केवल खेल नहीं, बल्कि जीवन में एकाग्रता, लक्ष्य निर्धारण और मानसिक स्थिरता का माध्यम भी है।
कॉफी टेबल बुक का विमोचन
इस अवसर पर लोक भवन गोल्फ कोर्स पर आधारित कॉफी टेबल बुक “A Celebration of Golf, Nature and Heritage” का विमोचन भी किया गया।
विशिष्ट उपस्थिति
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल एवं उपाध्यक्ष गोल्फ कोर्स नैनीताल रविनाथ रामन, आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि और गोल्फ खिलाड़ी उपस्थित रहे।


