संवाददाता: सागर रस्तोगी
तीर्थनगरी ऋषिकेश में अनुसूचित जाति (एससी) समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, जाटव बस्ती निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बीती रात वह बापू ग्राम क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और एससी समाज के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने लगा।
जयप्रकाश के अनुसार, समझाने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार अभद्र टिप्पणी करता रहा। इस पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया है, जो अब सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपा गया है।
समाज में रोष, आंदोलन की चेतावनी
घटना के बाद एससी समाज के लोगों में भारी नाराजगी है। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले पर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में तथ्यों के आधार पर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।


