संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय के छात्र आर्यन ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों ही परीक्षाओं में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इंटरमीडिएट परीक्षा में आर्यन के अलावा तीन अन्य छात्रों ने भी राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाया। इनमें गौरव (17वीं रैंक), हिमांशु गुप्ता (23वीं रैंक) और अन्वेषिका (25वीं रैंक) शामिल हैं।
वहीं, हाईस्कूल परीक्षा में भी विद्यालय के विद्यार्थियों का दबदबा कायम रहा। कुल 7 छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में जगह बनाई। इनमें सक्षम (13वीं), अक्षिता गैरोला (16वीं), अर्णव बसलियाल (17वीं), निखिल रतूड़ी (20वीं), अभिषेक राणा (21वीं), शिवानी सेमवाल (24वीं) और सांची चोपड़ा (25वीं रैंक) शामिल हैं।
विद्यालय के इस शानदार प्रदर्शन पर शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी की लहर है। प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया है।
यह सफलता न केवल विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।


