रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘महिला विरोधी’ बताया है। उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का रवैया उनकी असली सोच को उजागर करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संसद और सार्वजनिक मंचों पर कांग्रेस का व्यवहार यह दर्शाता है कि पार्टी महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन करने के बावजूद महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कोई ठोस और प्रभावी नीति नहीं बनाई।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने करीब 60 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन उनकी नीतियों में आम परिवार की बेटियों के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी। उनकी राजनीति सिर्फ कुछ चुनिंदा परिवारों तक सीमित रही।”
धामी ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘उज्ज्वला योजना’ जैसी पहल महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बना रही हैं।
इसके साथ ही उन्होंने देश के शीर्ष पदों पर महिलाओं की भागीदारी को भी भाजपा सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू और निर्मला सीतारमण का उदाहरण देते हुए कहा कि आज महिलाएं देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन होकर नेतृत्व कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने और उन्हें हर क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आरक्षण और सशक्तिकरण के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगे।


