रुड़की के मंगलौर हाईवे स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित डीसीएम (मालवाहक वाहन) ने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पुलिसकर्मी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद डीसीएम चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी पास में लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हालांकि, गनीमत रही कि इस दौरान कोई करंट या आग लगने की घटना नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी भगवान महर और सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी का हाल-चाल जाना। साथ ही उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है और डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है।


