रुड़की के लक्सर क्षेत्र में मेडिकल अफसर सुमित चौधरी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 27 अप्रैल को हुए इस फायरिंग कांड में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना का मास्टरमाइंड अभी भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई थीं। लगातार चल रही जांच और दबिश के बाद पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
एसपी देहात शेखर सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने मंगतदास नामक व्यक्ति के कहने पर मेडिकल अफसर सुमित चौधरी पर गोलियां चलाई थीं। बताया जा रहा है कि मंगतदास एक महंत का कार्य करता है और उसी के निर्देश पर यह हमला किया गया।
हालांकि, पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि मंगतदास और मेडिकल अफसर के बीच विवाद या रंजिश का कारण क्या था। मामले की गहराई से जांच जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मास्टरमाइंड मंगतदास की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही इस हमले के पीछे की असली वजह और साजिश का पूरा खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


