रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज राजनीतिक हलचल देखने को मिली, जब कांग्रेस की दो वरिष्ठ महिला नेत्रियों समेत कई नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस की पूर्व नेत्री मीना शर्मा और लक्ष्मी राणा प्रमुख रहीं। इसके साथ ही घनसाली से निर्दलीय प्रत्याशी रहे अनुसूचित जाति के नेता दर्शन लाल भारती ने भी भाजपा का दामन थामा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि ये नेता लंबे समय से कांग्रेस में सक्रिय थे और संगठन में संघर्ष कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस की नीतियों से असंतुष्ट होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि विशेष रूप से “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को लेकर कांग्रेस के रुख से महिला नेत्रियों में नाराजगी थी, जिसके चलते उन्होंने भाजपा की विचारधारा को अपनाया।
उन्होंने आगे दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी जनता को गुमराह करती आई है, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस से और भी बड़े स्तर पर नेताओं का पलायन भाजपा की ओर देखने को मिलेगा।
इस राजनीतिक घटनाक्रम को उत्तराखंड की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


