रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून में आज लैंड फ्रॉड से जुड़े मामलों को लेकर एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य जमीन से जुड़े बढ़ते धोखाधड़ी मामलों पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान लैंड फ्रॉड के विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाए।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जमीन धोखाधड़ी से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाए और जांच प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संदिग्ध जमीन सौदों की गहन जांच की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में आम जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नागरिकों द्वारा दर्ज की जा रही शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
इसके साथ ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किए जा रहे जमीन सौदों पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


