रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। दून पुलिस ने नकबजनी की एक घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 मई 2026 को वादी अशोक कुमार निवासी लक्ष्मीपुर बरोटीवाला, कोतवाली विकासनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर ज्वैलरी चोरी कर ली गई है। इस शिकायत के आधार पर थाना विकासनगर में मुकदमा संख्या 136/2026, धारा 305ए/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए सुरागरसी की गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में इस तरह के मामलों में शामिल आरोपियों का सत्यापन भी किया गया।
लगातार प्रयासों के चलते पुलिस टीम को सफलता मिली और 03 मई 2026 को जमनीपुर बरोटीवाला, विकासनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी सौरभ पैन्यूली उर्फ भयूब को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख रुपये मूल्य की चोरी की ज्वैलरी और नगदी बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए उसने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
दून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और रणनीतिक ऑपरेशन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।


