रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्टकार्ड भेजकर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में वर्तमान सीटों पर 33% महिला आरक्षण लागू करने की मांग उठाई है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि यह अभियान सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश की महिलाएं इसमें भाग लेंगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य से करीब एक लाख महिलाएं प्रधानमंत्री को पत्र भेज रही हैं, ताकि महिला आरक्षण को जल्द लागू किया जा सके।
इस मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री को पत्र लिखना अच्छी पहल है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग नजर आती है। उन्होंने कहा कि जिन तस्वीरों को साझा किया गया है, उनमें सिर्फ पांच-छह महिलाएं ही दिखाई दे रही हैं, जबकि लाखों पत्र भेजने का दावा किया जा रहा है।
दीप्ती रावत ने आगे कहा कि कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता अपनी बात प्रधानमंत्री तक जरूर पहुंचाएं, लेकिन साथ ही अपने शीर्ष नेताओं को भी अवगत कराएं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने ही पहले महिला आरक्षण बिल का विरोध किया था।
भाजपा नेता ने यह भी सुझाव दिया कि ज्योति रौतेला को प्रधानमंत्री के साथ-साथ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी पत्र लिखना चाहिए, ताकि उन्हें महिला आरक्षण की आवश्यकता का अहसास कराया जा सके।
इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले समय में यह राजनीतिक बहस और भी गहराने की संभावना है।


