देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आज एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय ने वायरल हो रहे पत्र को लेकर अपना पक्ष रखा।
इस प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान अरविंद पांडेय ने विपक्ष द्वारा वायरल किए गए पत्र पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।
दरअसल, हाल ही में एक पत्र के वायरल होने के बाद भाजपा विपक्ष के निशाने पर आ गई थी। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए भाजपा पर सवाल खड़े कर रहा था। इसी के चलते पार्टी ने अपने विधायक अरविंद पांडेय को सामने लाकर पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की रणनीति अपनाई।
राजनीतिक गलियारों में इस प्रेस वार्ता को अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह सीधे तौर पर उस विवाद से जुड़ी है, जिसने हाल के दिनों में राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
अब देखना होगा कि अरविंद पांडेय की सफाई के बाद यह मामला शांत होता है या फिर विपक्ष इस मुद्दे को और जोर-शोर से उठाता है।


