रिपोर्टर: सचिन कुमार
गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित पत्र को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मामले पर खुद विधायक अरविंद पांडे ने सामने आकर प्रेसवार्ता के जरिए अपनी स्थिति स्पष्ट की और वायरल पत्र को पूरी तरह फर्जी करार दिया।
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अरविंद पांडे ने कहा कि उनके नाम से प्रसारित किया गया पत्र पूरी तरह झूठा है और इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की भ्रामक सामग्री फैलाकर विपक्ष राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।
वायरल पत्र में उनके साथ उत्पीड़न और अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद विपक्षी दलों ने भाजपा पर निशाना साधा था। हालांकि, पांडे ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
उन्होंने कहा, “मुझे पार्टी में पूरा सम्मान मिल रहा है और मैं संगठन के साथ मजबूती से खड़ा हूं। इस तरह की अफवाहों से भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सच्चाई सामने आ चुकी है।”
अरविंद पांडे ने कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की कि वे इस तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें।


