रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून में राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सरकार के निर्देशों के तहत अब राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है।
बड़ी संख्या में लोग करा रहे ई-केवाईसी
खाद्य पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक बड़ी संख्या में लोग राशन की दुकानों पर पहुंचकर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। हालांकि, अभी भी कई परिवार ऐसे हैं जिनकी केवाईसी बाकी है।
बुजुर्ग और दिव्यांगों को हो रही थी परेशानी
अधिकारियों के अनुसार, बुजुर्ग, बीमार, दिव्यांग और घर से बाहर नहीं निकल पाने वाले लोगों को ई-केवाईसी कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
घर बैठे ई-केवाईसी के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया है। इस ऐप के जरिए राशन कार्ड धारक अब घर बैठे ही अपने पूरे परिवार की ई-केवाईसी आसानी से पूरी कर सकते हैं।
लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
अधिकारियों का कहना है कि इस नई सुविधा से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जो अब तक किसी कारणवश राशन की दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे थे। साथ ही, इससे ई-केवाईसी प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने में भी मदद मिलेगी।


