मई दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी (थराली), जनपद चमोली में समाजशास्त्र विभाग के तत्वाधान में एक विचारात्मक गोष्ठी, कविता, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “भारत में असंगठित श्रमिकों की स्थिति” रहा, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की।
श्रमिकों की स्थिति पर हुई गहन चर्चा
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. सौरभ कुमार टम्टा (सहायक प्राध्यापक, समाजशास्त्र, कैंपस गोपेश्वर) ने संविदा श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों और उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सहवक्ता कमलेश गोड ने मई दिवस के महत्व और वर्तमान समय में श्रमिकों की स्थिति पर अपने विचार साझा किए।
वक्ता योगेश देवराड़ी और धीरेन्द्र नेगी ने नई श्रम संहिता और हालिया श्रम सुधारों पर चर्चा करते हुए श्रमिकों के सशक्तिकरण के उपायों पर जोर दिया।
प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया:
- कविता प्रतियोगिता: हिमांशी और मनमोहन ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रवीन द्वितीय और प्रदीप तृतीय स्थान पर रहे।
- निबंध प्रतियोगिता: अंकित सिंह प्रथम, दीक्षा देवराड़ी द्वितीय और अनमोल जोशी तृतीय स्थान पर रहे।
- पोस्टर प्रतियोगिता: इशा, निशा और रेणुका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद, जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, कनिष्ठ प्रमुख थराली राजेश चौहान, ग्राम प्रधान तलवाड़ी दीपा फरस्वाण, पीटीए अध्यक्ष संतोष रावत, भूतपूर्व छात्र कृष्णा रावत तथा विशेष अतिथि के रूप में तलवाड़ी मुख्य बाजार की सफाई कर्मी सगा देवी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संयोजन मोहित उप्रेती ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. ललित जोशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक और कार्यालय कर्मचारी भी मौजूद रहे।


