रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम नवाजिश खलीक एक्शन मोड में नजर आए। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत की कार्यशैली से प्रेरित होकर एसडीएम ने शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और विभागों का बिना पूर्व सूचना औचक निरीक्षण किया।
एसडीएम ने सबसे पहले बीडी पांडे अस्पताल पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि कहीं डॉक्टर मरीजों को बाहर से दवाइयां तो नहीं लिख रहे हैं।
इस दौरान एसडीएम ने अस्पताल के अभिलेखों की भी बारीकी से जांच की और अधिकारियों को साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद एसडीएम ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर शहर की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में शहरवासियों को समय पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पेयजल लाइनों में हो रहे लीकेज को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
वहीं एसडीएम ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराने की बात कही।
एसडीएम के इस अचानक निरीक्षण से विभिन्न विभागों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


