संवाददाता: सागर रस्तोगी
उत्तराखंड के चंपावत में सामने आए कथित दुष्कर्म मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। ऋषिकेश में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर राज्य सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए रेलवे रोड स्थित जिला कार्यालय के बाहर कांग्रेस का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं का कहना है कि चंपावत मामले में पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। इसके बावजूद कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया जनता को गुमराह करने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना तथ्यों के राजनीति कर रही है और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने कहा कि पीड़िता स्वयं यह स्पष्ट कर चुकी है कि उसके साथ कोई गलत घटना नहीं हुई, फिर भी कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने में लगी हुई है।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की मंशा पर उठाए सवाल
जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तड़ियाल और जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनहित से जुड़े मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह झूठे और भ्रामक मुद्दों के सहारे राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
महिला पदाधिकारियों ने भी साधा निशाना
भाजपा की महिला पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस पहले ही अपनी मानसिकता उजागर कर चुकी है। अब वह षड्यंत्र के तहत भाजपा सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
महिला नेताओं ने दावा किया कि आगामी चुनाव में प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस को करारा जवाब देंगी।


