संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को अब आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा। लंबे समय से स्टेडियम के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बड़ी राहत मिली है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नेहरू स्टेडियम के पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण के लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण मिल सके।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा स्टेडियम
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि नेहरू स्टेडियम का पुनर्निर्माण रुड़की के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में आधुनिक चेंजिंग रूम, पवेलियन, दर्शक दीर्घा और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम के आधुनिक स्वरूप में आने के बाद रुड़की के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे और शहर का नाम रोशन करेंगे।
खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल
नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रदेश सरकार विकास कार्यों को दे रही गति
रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का आधुनिकीकरण शहर के खेल ढांचे को नई पहचान देगा और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करेगा।


