संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने जाली नोट चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 850 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर छपा हुआ था, जिससे नोटों के फर्जी होने की पुष्टि हुई।
चेकिंग के दौरान मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार शाम उप निरीक्षक नितिन बिष्ट अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुंडलाना निवासी अल्ताफ उर्फ इल्ताफ नकली नोट चलाने का काम करता है।
सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी ने 7 मई को मुंडलाना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर 100 रुपये का नकली नोट देकर पेट्रोल भरवाने की कोशिश की थी।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम अकबरपुर-सिक्खर रोड स्थित नए स्विमिंग पूल के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 100-100 रुपये के 8 नकली नोट और 50 रुपये का एक नकली नोट बरामद हुआ। जांच में सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर पाया गया।
पूछताछ में कबूला सच
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नोटों के जाली होने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह दोस्तों के साथ शराब पीता है और उसे यह याद नहीं कि ये नकली नोट उसे किसने दिए थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
आरोपी को भेजा जाएगा जेल
सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


