रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की के लक्सर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोनाली नदी पुल पर तेज रफ्तार वेन्यू कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुल पर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेन्यू कार रुड़की की ओर जा रही थी। जैसे ही कार सोनाली नदी पुल पर पहुंची, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सीधे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से रुड़की अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। बाद में ट्रैक्टर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
लक्सर एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। कार में पांच लोग सवार थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घायलों की पहचान
हादसे में घायल लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- रचना पत्नी जसवीर निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द
- सोनी पत्नी अनिल निवासी दाबकी महेश्वरी
- कोमल wife अमन निवासी मारकपुर
- श्रीकांत पुत्र सुरेश निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़, सहारनपुर
- अनिल पुत्र राजेंद्र निवासी दाबकी महेश्वरी
पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


