देहरादून: देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बढ़ती महंगाई के विरोध में देहरादून के एस्लेहॉल चौक पर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में चुनाव संपन्न हुए, उसके तुरंत बाद आम जनता पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ डाल दिया गया। कांग्रेस का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले ही ऐसी नीतियां बनानी चाहिए थीं, जिससे लोगों को राहत मिल सके, लेकिन भाजपा सरकार इस मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का असर केवल परिवहन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों पर भी पड़ता है, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।


