रिपोर्ट: ललित जोशी
विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में इन दिनों सुबह से ही भारी जाम लगने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या ने यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है।
भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित कैंची धाम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण करीब 15 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा जाम से राहत दिलाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था नाकाफी दिखाई दे रही है।
यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है, जिससे स्कूल, कार्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जाने वाले लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं है और केवल एक-दो पुलिसकर्मियों के भरोसे यातायात व्यवस्था संभालने की कोशिश की जा रही है। वहीं बाहर से आने वाले पर्यटकों द्वारा गलत तरीके से वाहन चलाने और सड़क किनारे वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति और गंभीर हो रही है।
गौरतलब है कि आगामी 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। हर वर्ष इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस यातायात व्यवस्था नहीं बनाई गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि स्थापना दिवस से पहले ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत किया जाए ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को राहत मिल सके।


