रिपोर्ट: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के चलते अब आग शहरी क्षेत्रों तक भी पहुंचने लगी है। ताजा मामला तल्लीताल थाना क्षेत्र के कृष्णापुर इलाके का है, जहां देर रात जंगल में लगी आग तेजी से फैलते हुए आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच गई।
आग की लपटों को घरों की ओर बढ़ता देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बाल्टियों में पानी भरकर और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों की सतर्कता और त्वरित प्रयासों के चलते बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग और दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। हालांकि तब तक स्थानीय लोग आग पर काफी हद तक काबू पाने में जुट चुके थे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को घरों की ओर बढ़ने से रोक लिया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और वन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों ने जंगलों में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और समय रहते प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


