रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: उत्तराखंड दौरे के तीसरे दिन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उनके व्यस्त कार्यक्रम ने साफ संकेत दिया कि पार्टी आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह सक्रिय मोड में है।
अपने दिन की शुरुआत उन्होंने देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद वे एक बूथ अध्यक्ष के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने नाश्ता किया और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद कर संगठन की नब्ज को समझा।
इसके बाद गढ़ी कैंट में आयोजित बूथ समिति बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
दोपहर में शिमला बाईपास स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, शेरपुर में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा करते हुए विकास और जनकल्याण की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इसके बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य तय करती है।
भाजपा प्रदेश संगठन ने इस दौरे को बेहद अहम बताते हुए कहा कि इससे संगठन को नई मजबूती मिलेगी, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और जनता के साथ पार्टी का जुड़ाव और गहरा होगा।


