रिपोर्टर: नवीन चन्दोला
चमोली जिले के विकासखंड थराली क्षेत्र में काफल लेने जंगल गए एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद उसके परिजनों को दैवीय आपदा मद से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को देवलकोट की ग्राम प्रधान गुड्डी देवी ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) थराली यशवीर सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर मृतक परिवार को राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, 17 मई को ग्राम मेल्ठा निवासी 19 वर्षीय अमित कुमार पुत्र स्वर्गीय गजपाल राम अपने घर देवलकोट से वन पंचायत मेल्ठा क्षेत्र में काफल लेने गया था। इसी दौरान अचानक आए आंधी-तूफान में एक पेड़ की टहनी टूटकर गिर गई, जिससे अमित का संतुलन बिगड़ गया और वह चट्टान पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थराली ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे कर्णप्रयाग रेफर कर दिया। वहां से उसे श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही अमित ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का कहना है कि युवक की मृत्यु होने के कारण दून अस्पताल में न तो उसे भर्ती किया गया और न ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो सकी। इसके बाद परिवार ने हरिद्वार में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इस मामले में पूर्व उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी एवं उक्रांद नेता भूपाल सिंह गुंसाई ने भी 19 मई को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर मृतक परिवार को दैवीय आपदा मद से आर्थिक सहायता देने की मांग की थी।
भूपाल सिंह गुंसाई ने बताया कि अमित कुमार अपने ननिहाल में नानी शांति देवी के साथ रहता था। उसके पिता गजपाल राम का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी माता, नानी और दो छोटे भाई हैं। अमित ही परिवार का सहारा माना जाता था। उसकी असमय मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि मामले को दैवीय आपदा की श्रेणी में शामिल करते हुए मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को कुछ राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम प्रधान गुड्डी देवी, पूर्व राज्य आंदोलनकारी भूपाल सिंह गुंसाई, वन पंचायत सरपंच लक्ष्मण सिंह, शांति देवी, उक्रांद नेता दर्शन सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।


