रिपोर्ट: ललित जोशी
उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में वीकेंड समाप्त होने के बाद भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मैदानी और तराई क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक सरोवर नगरी का रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि सप्ताह के सामान्य दिनों में भी नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहे हैं।
हालांकि नौतपा के दौरान मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप लगातार बना रहा, लेकिन नैनीताल की हसीन वादियों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से चल रही ठंडी हवाओं और सामान्य मौसम का पर्यटक भरपूर आनंद ले रहे हैं।
नैनी झील में नौकायन के लिए पर्यटकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। पर्यटक अपनी बारी का इंतजार करते हुए झील की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं। इसके अलावा स्नो व्यू, टिफिन टॉप, माल रोड और अन्य दर्शनीय स्थलों पर भी पर्यटकों की अच्छी खासी मौजूदगी बनी हुई है।
कुछ दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश के कारण नैनी झील के जलस्तर में थोड़ी बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन अब जलस्तर फिर से कम होता दिखाई दे रहा है। वहीं शहर के प्रमुख पार्किंग स्थल भी वाहनों से लगभग पूरी तरह भरे हुए नजर आ रहे हैं, जिससे पर्यटकों की बढ़ती संख्या का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विश्व प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर रहे हैं और अपने मोबाइल फोन में नैनीताल की खूबसूरत यादों को कैद कर रहे हैं।
इधर नैनीताल के ऐतिहासिक फ्लैट्स मैदान में आयोजित ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट भी पर्यटकों और खेल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पर्यटन और खेल गतिविधियों के चलते शहर में रौनक लगातार बनी हुई है।
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में नैनीताल आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्थानीय व्यापार को भी अच्छा लाभ मिल रहा है।



