रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की कोतवाली क्षेत्र में ढंडेरा फाटक के पास रेलवे ट्रैक के निकट एक 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी उमर हमजा के रूप में हुई है, जो रुड़की के सुनहरा रोड स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, उमर हमजा सहारनपुर का रहने वाला था और रुड़की में एक फैक्ट्री में काम करने के साथ वहीं रह भी रहा था। वह सप्ताह में एक दिन अपने घर सहारनपुर जाया करता था। शनिवार को वह दोपहर करीब एक बजे सहारनपुर से ट्रेन के जरिए रुड़की के लिए रवाना हुआ था, लेकिन इसके बाद उसका परिवार से संपर्क टूट गया।
परिजनों ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच ढंडेरा फाटक के पास रेलवे ट्रैक के निकट एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान उमर हमजा के रूप में की और उसे पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
रविवार शाम को मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि उमर हमजा को रुड़की रेलवे स्टेशन पर उतरना था, लेकिन उसका शव रेलवे स्टेशन से कई किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास मिला है। ऐसे में उन्हें संदेह है कि युवक की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।



