रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
उत्तराखंड के मसूरी में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां झड़ीपानी रोड बार्लोगंज क्षेत्र में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार करीब 500 मीटर नीचे जा पहुंची।
सूचना मिलने पर सुबह 09:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत SDRF, फायर सर्विस और एम्बुलेंस को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग उत्तरकाशी से लौट रहे थे और यात्रा के दौरान कुछ देर के लिए एक दुकान पर रुके थे। जैसे ही वाहन आगे बढ़ा, वह ढलान पर अनियंत्रित हो गया और खाई में गिर गया। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की संभावना जताई जा रही है।
वाहन में चार लोग सवार थे—सत्यप्रकाश (सोनीपत), मनीत (19), सविता (गाजियाबाद) और संगीता (दिल्ली)। रेस्क्यू टीमों ने अब तक एक महिला का शव बरामद किया है, जबकि अन्य लोगों को निकालने का प्रयास जारी है।
मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।



