रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: खानपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन पर एक व्यक्ति को कथित तौर पर धमकी देने और फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी संजीव कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच सड़क पर वाहन ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इस घटना के बाद चैंपियन ने संजीव कुमार को फोन कर भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित संजीव कुमार ने मामले की शिकायत लक्सर कोतवाली में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में फोन पर बात कर रहा एक व्यक्ति विधायक और मंत्री को जूते की नोक पर रखने जैसी बातें करता सुनाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, आरोपों के बाद प्रणव सिंह चैंपियन ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को लेकर अपना पक्ष सार्वजनिक किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



