देहरादून: लगातार हो रही बारिश के कारण देहरादून में जलभराव की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। नगर निगम का कहना है कि शहर में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
नगर आयुक्त डॉ. आलोक कुमार पांडे ने बताया कि शहर में मौजूद बड़े और छोटे नालों की सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया गया है। अब तक 71 प्रमुख नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष नालों पर निर्माण कार्य के चलते सफाई का काम जारी है।
नगर निगम ने जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जहां तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां इंजीनियरों की टीम लगातार समाधान निकालने में जुटी हुई है।
बारिश के दौरान पानी की निकासी के लिए 12 पंपिंग सेट पहले से तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 14 अतिरिक्त पंपिंग सेट भी जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालों में कूड़ा न डालें और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे मानसून सीजन में नगर निगम की टीमें 24 घंटे निगरानी करती रहेंगी।



