रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल: उत्तराखंड सरकार की ओर से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत नैनीताल जिले के श्रद्धालुओं का पहला जत्था सोमवार को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से रवाना हुआ। लगभग तीन दर्जन श्रद्धालुओं की बस को नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की यह पहल उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है जो आर्थिक या अन्य कारणों से वर्षों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क आवास, भोजन, परिवहन और चिकित्सा जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना होने के बाद सभी श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हर्रावाला से सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु अपने साथ उत्तराखंड के सभी जिलों का पवित्र जल भी लेकर जाएंगे, जिसे सोमनाथ धाम में अर्पित किया जाएगा। यह यात्रा प्रदेश की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक मानी जा रही है।
नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हुए हैं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।



