रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: मंगलौर से कांग्रेस विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने दावा किया है कि 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम को प्रभावित करने के लिए कई तरह की बाधाएं खड़ी की गईं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र कार्यक्रम में पहुंचे, जिससे यह साफ हो गया कि युवाओं में राहुल गांधी के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि खराब मौसम और अन्य चुनौतियों के बावजूद युवाओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर यह संदेश दिया कि वे अपने मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाना चाहते हैं। उनके मुताबिक, भाजपा सरकार की कोशिशें छात्रों को रोकने में सफल नहीं हो सकीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सरकारी संसाधनों का उपयोग कर युवाओं का ध्यान कार्यक्रम से भटकाने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने कहा कि छात्रों ने इन प्रयासों को नजरअंदाज करते हुए राहुल गांधी को सुनना ज्यादा जरूरी समझा।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि उत्तराखंड में युवाओं के बीच सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है। उनका दावा है कि रोजगार, शिक्षा और अन्य मुद्दों को लेकर युवा बदलाव चाहते हैं और इसका असर आने वाले चुनावों में दिखाई देगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत स्थिति में होगी और जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का फैसला करेगी।



